Kangra: बैजनाथ में लता मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन, विधायक किशोरी लाल बोले- खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से रखते हैं दूर

बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के चोबू में आयोजित दो दिवसीय लता मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में विधायक किशोरी लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

अपने संबोधन में विधायक किशोरी लाल ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का भी प्रभावी साधन हैं।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया संधोल और बिलासपुर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खेलो इंडिया संधोल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं बिलासपुर की टीम उपविजेता रही। विधायक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं और खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

समापन समारोह के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष शशि राणा, अशोक सुघा, विकास राणा, अजय गौड, रणधीर सिंह, सुधीर राणा, नसीब राणा, सुनील राणा सहित कई गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!