हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वंचित और बेसहारा बच्चों की शिक्षा के लिए बड़ा कदम उठाते हुए टोंगलेन ट्रस्ट को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। धर्मशाला स्थित टोंगलेन ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज ट्रस्ट के निदेशक थेरचिन ग्याल्तसेन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और ट्रस्ट द्वारा संचालित विद्यालय के लिए भूमि पट्टे की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ट्रस्ट का विद्यालय वंचित और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को प्रतिमाह 1,000 रुपये तथा 14 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को 2,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद बच्चों के कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और मानवीय सेवा से जुड़ी ऐसी पहलें समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में काम कर रही संस्थाओं को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, विधायक हरीश जनारथा, ट्रस्टी दोरजे और पार्षद पलकित नेगी भी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!