शहर से सटी घघरौता पंचायत के सनौथा गांव में गोवंश के कथित तौर पर काटे जाने की घटना के विरोध में बुधवार को विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने मुख्य चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गोवंश के अवशेष सड़क पर रखकर चक्का जाम किया और जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया।
चक्का जाम के दौरान एक टैम्पो चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने टैम्पो का शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हलकी धक्कामुक्की हुई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
घटना के विरोध में जिला व्यापार मंडल के आह्वान पर बुधवार को शहर का बाजार दोपहर 12 बजे तक बंद रहा। मुख्य चौक के पास चक्का जाम होने के कारण पुलिस ने जीरो प्वाइंट से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी थी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सनौथा पंचायत में गोवंश को काटे जाने की सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों में रोष फैल गया था। घटना की जानकारी सामने आते ही संगठनों के सदस्यों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस दौरान भी मौके पर कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच करने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
DC से मौके पर पहुंचकर बातचीत की मांग
बुधवार को प्रदर्शनकारी उपायुक्त के मौके पर पहुंचकर उनसे बातचीत करने की मांग पर अड़ गए। हालांकि एडीसी अमित मेहरा, एसडीएम चिराग शर्मा, एएसपी दिनेश शर्मा और डीएसपी हेडक्वार्टर बलदेव दत्त मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक डीसी मौके पर आकर उनसे बातचीत नहीं करेंगे, तब तक चक्का जाम जारी रहेगा।
दोपहर करीब तीन बजे उपायुक्त मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


