हमीरपुर। सुजानपुर तहसील के बैरी निवासी दिव्यांग भूतपूर्व सैनिक सतीश कुमार ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 2 करोड़ 37 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में एसपी बलबीर सिंह ठाकुर को शिकायत सौंपकर प्राथमिकी दर्ज करने, निष्पक्ष जांच करवाने और अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शिकायत सौंपने के बाद हमीरपुर में प्रेस वार्ता के दौरान सतीश कुमार ने बताया कि भारतीय सेना में सेवा के दौरान उन्होंने अपनी एक टांग गंवा दी थी। अपने पुत्र को सरकारी नौकरी दिलाने की इच्छा के चलते उन्होंने कुछ लोगों पर भरोसा किया। उनका आरोप है कि उन्हें सैन्य इंजीनियरिंग सेवा, सैन्य प्रतिष्ठानों, रेलवे और अन्य विभागों में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया।
शिकायत के अनुसार, इस सिलसिले में उनसे और अन्य लोगों से अलग-अलग माध्यमों से धनराशि ली गई। सतीश कुमार ने दावा किया है कि महाराष्ट्र निवासी राहुल किशोर गायकवाड़ के साथ लगभग 45 लाख रुपये, कांगड़ा के चनौर निवासी रवि कुमार के साथ करीब डेढ़ करोड़ रुपये और पठानकोट निवासी तिलक राज के साथ लगभग 42 लाख रुपये का लेन-देन हुआ। इन तीनों मदों को मिलाकर कुल राशि करीब 2 करोड़ 37 लाख रुपये बताई गई है।
हालांकि शिकायतकर्ता ने स्वयं भी कहा है कि रकम का अंतिम निर्धारण बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद किया जाना चाहिए। एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फर्जी नियुक्ति पत्र और धमकियां देने के आरोप
सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें अलग-अलग तारीखों पर नियुक्ति पत्र भेजे गए, जिनकी सत्यता संदिग्ध है। उन्होंने कथित फर्जी दस्तावेजों, ऋण संबंधी कागजात, चैक और संदेशों की जांच करवाने की मांग की है।
शिकायत में धनराशि वापस मांगने पर धमकियां देने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने, अन्य संभावित पीड़ितों के बयान दर्ज करने, बैंक लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सत्यापन करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


