कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत ज्वाली के चलवाड़ा निवासी गौरव कुमार पुत्र विजय कुमार और उसके परिवार की करीब 95,67,741 रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 03 अक्टूबर 2025 को जिला कांगड़ा की विशेष पुलिस टीम ने गौरव कुमार और उसके सहयोगियों से 1.006 किलोग्राम चरस बरामद की थी। इस मामले में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग संख्या 151/25 दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपियों की विस्तृत वित्तीय जांच शुरू की।
जांच के दौरान यह सामने आया कि गौरव कुमार, उसके पिता विजय कुमार और जीजा धुन्धी के नाम पर नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियां मौजूद हैं, जिनकी कुल कीमत 95,67,741 रुपये आंकी गई। इसके बाद पुलिस थाना नगरोटा बगवां द्वारा 22 अप्रैल 2026 को इन संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए, जिन्हें 22 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा भी मंजूरी दे दी गई।
फ्रीज की गई संपत्तियों में दो आवासीय मकान, दो जमीनें, एक महिंद्रा गाड़ी और एक स्विफ्ट डिजायर कार शामिल हैं। अब इन संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना न तो बेचा जा सकता है और न ही किसी अन्य को हस्तांतरित किया जा सकता है।
इससे पहले बैजनाथ की नशा तस्कर सोनिया राणा की 96,77,350 रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की जा चुकी है। इस ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कांगड़ा पुलिस कुल 1,92,45,091 रुपये की अवैध संपत्तियां फ्रीज कर चुकी है।
कांगड़ा पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!