Kangra: कांगड़ा के सरकारी स्कूल पहुंचे राज्यपाल कविंदर गुप्ता, बोले- ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा से नहीं होगा कोई समझौता

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कांगड़ा जिले के गुजरेहड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर स्कूलों की जमीनी स्थिति को समझा।

राज्यपाल ने स्कूल में शैक्षणिक माहौल, आधारभूत सुविधाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में स्कूलों के सामने आ रही चुनौतियों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने छात्रों से आत्मीय बातचीत करते हुए उन्हें मेहनत और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्कूलों में बेहतर कक्षाओं, स्वच्छता व्यवस्था, डिजिटल लर्निंग संसाधनों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर जोर दिया।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2.0 और PGI-D 2024-25 रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश ने देशभर में छठा स्थान हासिल किया है, जबकि राज्यों की श्रेणी में प्रदेश तीसरे स्थान पर पहुंचा है।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूलों के रणनीतिक क्लस्टर मॉडल पर भी चर्चा की। उनका कहना था कि उपलब्ध संसाधनों और स्टाफ के बेहतर उपयोग के लिए इस तरह की व्यवस्था शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने में मददगार साबित हो सकती है।

Advertisement

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा एक प्रगतिशील समाज की नींव है और शिक्षकों की भूमिका इसमें सबसे अहम होती है। उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

इस दौरान शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी राज्यपाल के साथ मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!