सोलन, 19 मई 2026: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर कंडाघाट के समीप टैंकर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कंडाघाट के पास डीवेंचर होटल के नीचे हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर दो युवक सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टैंकर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी हेडक्वार्टर सोलन अशोक चौहान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक दाड़लाघाट का रहने वाला था, जबकि घायल युवक नेरवा क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!