धर्मशाला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार है। शिक्षा का मकसद केवल युवाओं को नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें शोध, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए तैयार करना भी है। मुख्यमंत्री रविवार को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिग्री उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है, लेकिन इसके साथ समाज और देश के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी जुड़ी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक के तेजी से बढ़ते दौर में युवाओं को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़ना बेहद जरूरी है।

गुणात्मक शिक्षा में हिमाचल देश में पांचवें स्थान पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2021 में प्रदेश देशभर में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है और 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की तैयारी है। शिक्षा विभाग में 10 हजार पद भरे जा चुके हैं, जबकि तीन हजार शिक्षकों की और भर्ती की जा रही है।

एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण
मुख्यमंत्री ने डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण केवल एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में 88 हजार से अधिक विद्यार्थियों को करीब 92 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुलाधिपति हरमोहिंदर सिंह बेदी, कुलपति एसपी बंसल, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


