हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो गाड़ी से 4 किलो चरस बरामद की है। इस मामले में कुल्लू जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह खेप कुल्लू से शिमला की ओर ले जाई जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक पुलिस चौकी नम्होल के प्रभारी उपनिरीक्षक हरीश कुमार अपनी टीम के साथ ब्रह्मपुखर क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी (HP 92A-2192) के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने नम्होल क्षेत्र में नाकाबंदी कर गाड़ी को जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें से कुल 4 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान धनी राम (52) निवासी जलैहर, डाकघर सराहन, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू और मदन लाल (32) निवासी रूबा, डाकघर आनी, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच नम्होल पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक हरीश कुमार कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!