Kangra: नगर परिषद कांगड़ा में कांग्रेस का क्लीन स्वीप, 9 की 9 सीटों पर जीत; सुमन वर्मा बन सकती हैं अध्यक्ष

नगर परिषद कांगड़ा चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 9 वार्डों में जीत दर्ज कर बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल की है। चुनाव परिणामों में भाजपा को एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली, जिसके बाद कांग्रेस समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला। नगर परिषद में कांग्रेस के इस क्लीन स्वीप को क्षेत्र की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है।

घोषित परिणामों के अनुसार वार्ड नंबर-1 से भावना, वार्ड नंबर-2 से सुमन वर्मा, वार्ड नंबर-3 से नीलू, वार्ड नंबर-4 से मोना, वार्ड नंबर-5 से शुभम, वार्ड नंबर-6 से राजकुमारी, वार्ड नंबर-7 से कोमल शर्मा, वार्ड नंबर-8 से शुभम और वार्ड नंबर-9 से अशोक शर्मा विजयी रहे। सभी विजेता उम्मीदवार कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे हैं।

नगर परिषद में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि सातवीं बार पार्षद चुनी गईं और पूर्व अध्यक्ष रह चुकीं सुमन वर्मा अध्यक्ष पद की सबसे मजबूत दावेदार हैं। उनके अनुभव और लगातार जीत को देखते हुए उनका नाम सबसे आगे माना जा रहा है।

विजयी उम्मीदवारों ने अपनी जीत का श्रेय हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा को दिया। समर्थकों का कहना है कि संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास के चलते कांग्रेस को यह बड़ी सफलता मिली है।

एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने बताया कि नगर परिषद कांगड़ा के चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने जानकारी दी कि चुनाव में कुल 75.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लोगों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!