नूरपुर नगर परिषद के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरम हो गया है। 17 मई को होने वाले मतदान में नगर परिषद के 9 वार्डों के कुल 8298 मतदाता 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया, जिसके बाद सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि वार्ड-1 में 686 मतदाता हैं, जिनमें 360 पुरुष और 326 महिलाएं शामिल हैं। वार्ड-2 में 1022 मतदाता हैं, जिनमें 505 पुरुष और 517 महिलाएं अपने प्रतिनिधि का चयन करेंगे।
वार्ड-3 में कुल 1099 मतदाता (545 पुरुष और 553 महिलाएं) मतदान करेंगे, जबकि वार्ड-4 में 675 मतदाता (332 पुरुष और 343 महिलाएं) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वार्ड-5 में 1092 मतदाता (554 पुरुष और 538 महिलाएं) तथा वार्ड-6 में 844 मतदाता (438 पुरुष और 406 महिलाएं) मतदान करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि वार्ड-7 में सबसे अधिक 1245 मतदाता हैं, जिनमें 618 पुरुष और 627 महिलाएं शामिल हैं। वार्ड-8 में 823 मतदाता (411 पुरुष और 412 महिलाएं) तथा वार्ड-9 में 812 मतदाता (395 पुरुष और 417 महिलाएं) अपने वार्ड प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी अरुण शर्मा ने सभी मतदाताओं से 17 मई को अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर एक वोट महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान में सहयोग की भी अपील की।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!