Kangra: Aero City को लेकर बड़ा मुद्दा! MLA केवल सिंह पठानिया ने CM Sukhu के सामने उठाई बण्डी के सर्किल रेट की मांग

शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक और शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर एक अहम मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के ग्राम बण्डी के निवासियों की मांगों से जुड़ा एक अभ्यावेदन मुख्यमंत्री को सौंपा।

मुलाकात के दौरान विधायक पठानिया ने प्रस्तावित ‘एयरो सिटी’ को लेकर बण्डी क्षेत्र के लोगों की चिंता मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने बताया कि मोहल भादोत (बण्डी) में एयरो सिटी की योजना के चलते यहां के सर्किल रेट को लेकर असंतोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बण्डी का सर्किल रेट पास के मोहल जुगेहर की तुलना में काफी कम तय किया गया है।

विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि बण्डी क्षेत्र की भूमि काफी उपजाऊ है और यहां के लोगों की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। ऐसे में कम सर्किल रेट तय होना उनके आर्थिक भविष्य के साथ अन्याय जैसा होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बण्डी के निवासियों को भी मोहल जुगेहर के बराबर सर्किल रेट दिया जाए, ताकि उन्हें उचित मुआवजा मिल सके।

विधायक पठानिया ने कहा कि यह मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है और ग्रामीणों को उनकी भूमि के अनुसार सही मूल्य मिलना जरूरी है। इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनकी बात को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभाग को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!