पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपनी रणनीति को और मजबूत कर दिया है। पार्टी ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया है, जिसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना और चुनावी तैयारियों को धार देना है। यह जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दी। उन्होंने बताया कि इस समिति में अनुभवी और सक्रिय नेताओं को शामिल किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती देने और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों को पार्टी सेमीफाइनल की तरह देख रही है और इसीलिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति में विपिन सिंह परमार, रणधीर शर्मा, बलवीर वर्मा, विनोद कुमार, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल और बिहारी लाल शर्मा जैसे वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी नेता अपने अनुभव के आधार पर चुनावी रणनीति को नई दिशा देंगे और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने का काम करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का फोकस गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना और भीतरघात जैसी समस्याओं को रोकना है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा और जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाएगा। डॉ. बिंदल ने विश्वास जताया कि भाजपा आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता का समर्थन और मजबूत होगा।
उन्होंने हाल ही में उठे ट्रैक्टर चालान के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर सरकार को झुकना पड़ा। पार्टी हाईकमान ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि इन चुनावों को जीतना बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!