कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में एक बेहद दुखद सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बाजार से घर लौट रहे 17 वर्षीय किशोर की बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी जान चली गई। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान गांव अंब लाहड़ निवासी आदर्श कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को आदर्श देहरा बाजार से नए कपड़े खरीदकर अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। जब वह खबली दोसड़का के पास पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे देहरा अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आदर्श गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनखंडी में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिवार के अनुसार उसने महज 22 दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी और उसे लेकर बेहद खुश था। वह दो बहनों का इकलौता भाई और माता-पिता का सहारा था। पिता संजय कुमार एक छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। दोनों बहनें पढ़ी-लिखी और आत्मनिर्भर हैं, और पूरा परिवार आदर्श के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर रहा था।
देहरा पुलिस जिला के एसपी मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन पड़ताल कर रही है। इस हादसे के बाद बनखंडी क्षेत्र और अंब लाहड़ गांव में मातम पसरा हुआ है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!