Kangra: सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सद्दू में उमड़ा आस्था का सैलाब, महाशिवरात्रि पर प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

शाहपुर क्षेत्र के अंतर्गत सद्दू स्थित प्रसिद्ध सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली और भक्तों ने कतार में लगकर भोले बाबा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी बच्चों के लिए प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

राजकीय हाई स्कूल सद्दू के छात्र कार्तिक, पुत्र इंदर राज ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शगुन, पुत्री संजय कुमार ने द्वितीय स्थान और वंशिका, पुत्री जगदीप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा निधि, पुत्री कृष्ण कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार राजकीय प्राथमिक पाठशाला सद्दू के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें वंश कुमार, पुत्र राकेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जानवी चौधरी, पुत्री सिंधु कुमार ने द्वितीय स्थान और प्रतीक्षा शर्मा, पुत्री दीपक शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

मंदिर कमेटी ने सभी विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कमेटी के सदस्यों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करती हैं। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!