शाहपुर, 8 अक्तूबर। शाहपुर में इस बार जिला स्तरीय दशहरा उत्सव को पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा। 17 से 20 अक्तूबर तक चलने वाले चार दिवसीय उत्सव में तीन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एटीसी सभागार शाहपुर में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था, स्वच्छता और जनसहभागिता सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि उत्सव के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए एंटी चिट्टा रैली भी निकाली जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को 17 अक्तूबर तक अपने-अपने स्टॉल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय उपलब्धियों और नवाचारों को लोगों के सामने प्रदर्शित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, व्यापार मंडल, नगर पंचायत और सामाजिक संगठनों का सहयोग जरूरी है। इस दौरान शाहपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों खबरू वाटरफॉल, करेरी, लमडल, तत्वानी और तल माता को प्रदर्शित करने वाले फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे।
दशहरा उत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा मिनी सचिवालय से शुरू होकर रेहलू चौक, शाहपुर बाजार सर्विस लेन और 39 मील होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। उत्सव के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा भव्य प्रवेश द्वार और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। व्यापार मंडल के सहयोग से पूरे शाहपुर बाजार को भी सजाया जाएगा।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दशहरा मैदान में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। उत्सव के अवसर पर एक स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 11 से 14 अक्तूबर तक शाहपुर में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों के साथ स्टार कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस बार उत्सव में मिस्टर शाहपुर और मिस शाहपुर का चयन भी किया जाएगा।
एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बैठक में विधायक का स्वागत करते हुए दशहरा उत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने विधायक द्वारा दिए गए सुझावों और निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही सभी विभागों से उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग करने की अपील की।
शाहपुर के पूर्व विधायक एवं मंत्री स्व. मेजर विजय सिंह मनकोटिया को श्रद्धांजलि देने के लिए बैठक की शुरुआत में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पंचायत शाहपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षद, व्यापार मंडल शाहपुर के प्रतिनिधि और दशहरा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


