Kangra: नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, घर से 23 ग्राम चिट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस नूरपुर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील इंदौरा के गांव छन्नी से 23.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत की गई है।

जिला पुलिस नूरपुर के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोपहर के समय नूरपुर पुलिस की एक विशेष टीम कंडवाल और डमटाल क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि अजय कुमार उर्फ बन्टी, निवासी गांव व डाकघर छन्नी, अपने घर से अवैध रूप से चिट्टा बेच रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 42(2) के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे में रखी ड्रेसिंग टेबल के पीछे छिपाकर रखी गई एक सफेद प्लास्टिक की डिब्बी बरामद हुई। जांच करने पर डिब्बी में 23.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाई गई।

पुलिस ने मौके पर ही 40 वर्षीय आरोपी अजय कुमार उर्फ बन्टी को गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया। आरोपी के खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी को पुलिस रिमांड के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!