Himachal: बजट पर धूमल की मुहर, बोले– विकसित भारत की नींव रखने वाला दूरदर्शी दस्तावेज

पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को देश की विकास यात्रा को नई गति देने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक न्याय और सर्वसमावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत और ठोस कदम है, जो देश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

प्रो. धूमल ने बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रावधानों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि कैंसर, मधुमेह सहित सात गंभीर बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करने का निर्णय करोड़ों परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। उन्होंने इसे आम जनता के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच का प्रमाण बताया।

उन्होंने कहा कि बजट में मेडिकल टूरिज्म पर दिया गया विशेष जोर हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा और हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!