Solan: चार साल बाद शिकंजे में आया भगोड़ा आरोपी, परवाणू पुलिस ने शिमला के छैला से किया गिरफ्तार

सोलन जिले की परवाणू पुलिस को भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना परवाणू की पीओ सैल टीम ने शिमला जिले के छैला क्षेत्र में दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीप राम (48) पुत्र स्वर्गीय कमना राम, निवासी गांव दीद, डाकखाना मोहरी, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह मामला 13 सितंबर 2019 का है, जब आरोपी ने परवाणू के समीप अपनी टाटा सूमो गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में चलाते हुए एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी थी। इस हादसे के बाद परवाणू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई। पुलिस ने मामले की पूरी जांच कर अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। इसके बावजूद ट्रायल के दौरान आरोपी बार-बार अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। परवाणू पुलिस की पीओ सैल टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी रही और गुप्त सूचना व सटीक निगरानी के आधार पर आखिरकार उसे शिमला के छैला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी दीप राम के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में भारतीय न्याय संहिता के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!