शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दौरान भारत की मुक्केबाज पूनम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की लोगानाथन काजिन्थिनी को हराकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया और पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले जसप्रीत और शुभम के बीच खेले गए मुकाबले में जसप्रीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। खिलाड़ियों ने रिंग में दमदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।

प्रो-बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह राजनीति के दिग्गज नेता रहे हैं और उनकी स्मृति में शुरू की गई यह अंतर्राष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैम्पियनशिप हिमाचल प्रदेश के लिए एक नई मिसाल है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। साथ ही इस तरह की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मुक्केबाजों के खेल को नजदीक से देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
इस चैम्पियनशिप में भारत के मुक्केबाजों ने श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड सहित विभिन्न देशों के मुक्केबाजों के साथ रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा, विधायक हरदीप बावा, उप-महापौर उमा कौशल और हिमुडा के वाइस चेयरमैन यशवंत छाज्टा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!