Kangra: नूरपुर की नई एसपी इल्मा अफरोज एक्शन मोड में, नशा और खनन माफिया को दी कड़ी चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी इल्मा अफरोज ने आधिकारिक तौर पर एसपी नूरपुर का कार्यभार संभाल लिया है। जिला मुख्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा, डीएसपी ज्वाली वीरी सिंह और डीएसपी इंदौरा संजीव कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एसपी इल्मा अफरोज ने अपने इरादे साफ कर दिए। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि नूरपुर को अलग पुलिस जिला बनाए जाने के बाद से ही नशा और अवैध खनन माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब इस अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा और नशा तथा खनन माफिया के खिलाफ और ज्यादा आक्रामक तरीके से कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि इन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Advertisement

एसपी इल्मा अफरोज ने क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग पुलिस को अपना दुश्मन नहीं, बल्कि मित्र समझें और क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन का खुलकर सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

कार्यभार संभालने के बाद इल्मा अफरोज ने पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विशेष टीमों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी की। इस बैठक में उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नूरपुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित करने पर भी विशेष जोर दिया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!