Una: हिमाचल की सबसे शिक्षित BDC प्रत्याशी! पीएचडी स्कॉलर शिखा मनकोटिया ने भरा नामांकन, महिलाओं के लिए बताई बड़ी योजना

गगरेट ब्लॉक की ग्राम पंचायत चलेट-11 वार्ड से पंचायत समिति सदस्य (BDC) पद के लिए शिखा मनकोटिया ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को खास बना दिया है। क्षेत्र में उन्हें हिमाचल प्रदेश की सबसे शिक्षित BDC प्रत्याशी के रूप में देखा जा रहा है। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह साफ संकेत दिया कि क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ और लोकप्रियता है। समाज सेवा, महिला स्वास्थ्य और मातृत्व योग के क्षेत्र में सक्रिय शिखा मनकोटिया ने जनसेवा को अपना मुख्य उद्देश्य बताते हुए चुनावी मैदान में कदम रखा है।

शिखा मनकोटिया वर्तमान में योग विषय में पीएचडी स्कॉलर हैं। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां भी काफी चर्चा में हैं। उन्होंने मास्टर इन योग, मास्टर इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA), मास्टर इन वूमेन स्टडीज, पीजी डिप्लोमा इन गर्भ संस्कार, पीजी डिप्लोमा इन योग थेरेपी, भगवद गीता में सर्टिफिकेट कोर्स और एलीमेंट्री संस्कृत की पढ़ाई की है। उन्हें हिमाचल प्रदेश की पहली गर्भ संस्कार विशेषज्ञ के तौर पर भी पहचान मिली है।

मातृत्व योग, महिला स्वास्थ्य और गर्भ संस्कार के क्षेत्र में उनके कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा चुका है। हाल ही में उन्हें मातृत्व योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “हिमालयन श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2025 में दुबई में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें “वूमेन आइकॉनिक अवॉर्ड” भी मिला था।

शिखा मनकोटिया दूरदर्शन शिमला और आकाशवाणी धर्मशाला जैसे मंचों पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवा चुकी हैं। यहां उन्होंने योग, मातृत्व स्वास्थ्य और गर्भ संस्कार जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए थे। उन्होंने अपने परिवार की सामाजिक विरासत का जिक्र करते हुए बताया कि उनके परदादा ससुर स्वर्गीय बलदेव सिंह ने चलेट सहकारी सोसायटी की स्थापना की थी, जो 50 वर्षों से अधिक समय तक परिवार से जुड़ी रही। वहीं उनके दादा ससुर स्वर्गीय कृष्ण चंद कॉपरेटिव बैंक से इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उन्होंने भी समाज सेवा में अहम योगदान दिया।

शिखा मनकोटिया ने कहा कि यदि जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, घर बैठे रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने, गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क गर्भ संस्कार और योग सत्र आयोजित करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क योग थेरेपी उपलब्ध करवाने पर विशेष काम करेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला कल्याण उनके चुनावी एजेंडे की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।

समाज सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी शिखा मनकोटिया ने क्षेत्रवासियों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!