ज्वालामुखी में आयोजित अंडर-19 बाल जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शाहपुर जोन के खिलाड़ियों ने कुश्ती में शानदार प्रदर्शन किया। राजकीय आदर्श विद्यालय सिहवां के तीन विद्यार्थियों ने अपने-अपने भार वर्ग में पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय के मोहम्मद इकबाल ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया। वहीं, निशांत ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि शंकर ने 61 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता पठानिया ने विद्यार्थियों और उनके प्रशिक्षक रणजीत शर्मा, डीपीई को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित मोहम्मद इकबाल समेत सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य उमेश कुमार सहित विद्यालय के अन्य अध्यापक मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


