शाहपुर, 2 अगस्त: शाहपुर नगर पंचायत ने बोह आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सराहनीय पहल करते हुए राहत सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई। हाल ही में बोह क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद कई परिवारों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। ऐसे कठिन समय में नगर पंचायत, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने मिलकर राहत अभियान चलाया और प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सामग्री एकत्रित कर उन्हें वितरित किया।

नगर पंचायत राहत केंद्र में शहर के दानदाताओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों के सहयोग से गद्दे, कुर्सियां, नोटबुक, छाते, निर्मा, कोलगेट, पेन, स्टेशनरी, साबुन, बाल्टियां, जग सहित अन्य दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री एकत्रित की गई थी। रविवार को यह राहत सामग्री बोह के प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाकर जरूरतमंद परिवारों को वितरित की गई, जिससे उन्हें राहत मिली।

नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद नितिन, विजय, प्रीति और अभिषेक माथुर के साथ पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर एवं अन्य सहयोगियों ने राहत सामग्री वितरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अभियान में शाहपुर नगर के अनेक नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।

नगर पंचायत की ओर से सभी सम्मानित दानदाताओं, समाजसेवियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि आप सभी की सेवा भावना और सहयोग से कठिन समय से गुजर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है। ऐसे मानवीय प्रयास समाज में एकता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल हैं। नगर पंचायत की अध्यक्ष बबीता ने कहा कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



