नगरोटा, 16 सितंबर: ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली जंदराह और खर्ट पंचायत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में हुए विभिन्न विकास कार्यों का विवरण दिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बाली ने बताया कि जंदराह और खर्ट पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जंदराह पंचायत में स्वास्थ्य उपकेंद्र के नए भवन का शिलान्यास भी किया गया। आर.एस. बाली ने गांव के बुजुर्गों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जबकि 35 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण किया जाएगा। शेष राशि से अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। भवन निर्माण का टेंडर अवार्ड हो चुका है और मार्च माह में इसका उद्घाटन करने का लक्ष्य रखा गया है।
आर.एस. बाली ने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र की सौगात क्षेत्र को विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली ने दी थी, लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण लंबे समय तक उपकेंद्र को अपना भवन नहीं मिल सका। अब स्थानीय ग्रामीण संतोष जी के स्वर्गीय पिता रत्न लाल ने भवन निर्माण के लिए एक कनाल भूमि दान की है। उन्होंने भूमि दान करने के लिए उनका आभार जताया और सहयोग की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि आज क्षेत्र में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय यानी टांडा मेडिकल कॉलेज जैसी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यदि उस समय यह संस्थान स्थापित नहीं हुआ होता तो क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए शिमला या चंडीगढ़ जाना पड़ता। आज टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग इलाज करवाने पहुंचते हैं और यहां हर वर्ष करीब 6 लाख लोग उपचार करवाते हैं।
जंदराह पंचायत में आईपीएच विभाग की ओर से टैंक, पाइप और पेयजल योजनाओं से जुड़े करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने विभिन्न विकास कार्यों पर करीब 7 करोड़ 2 लाख रुपये खर्च किए हैं। इन कार्यों में सड़कें, रास्ते, डंगे, रेन शेल्टर और अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
इस दौरान आर.एस. बाली ने चोकडू रास्ते के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि जंदराह पंचायत में बिजली विभाग के तहत करीब 5 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं। वहीं, खंड विकास कार्यालय के माध्यम से विभिन्न कार्यों पर 88 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
आर.एस. बाली ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना यानी पीएमएवाई के तहत करीब 1500 घरों का निर्माण किया जा रहा है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक कार्य है। जंदराह पंचायत में भी इस योजना के तहत 20 मकान स्वीकृत हुए हैं और लाभार्थियों को राशि जारी की जा चुकी है। पंचायत में मकान निर्माण के लिए अब तक 25 लाख 44 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने जंदराह स्कूल के लिए 4 लाख रुपये की कबड्डी मैट देने और स्कूल की चारदीवारी पूरी करने की घोषणा भी की।
इसके बाद आर.एस. बाली ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत खर्ट पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के समक्ष किए गए विकास कार्यों का विवरण रखा और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि खर्ट पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 1.71 करोड़ रुपये, पानी विभाग के माध्यम से 46 लाख रुपये और खंड विकास कार्यालय के माध्यम से 1.61 लाख रुपये सहित अन्य विभागों के कार्य शामिल हैं।
इससे पहले स्थानीय प्रधान अनीता, जिला महासचिव हरि राम हीर, कैप्टन मदन लाल और राणाजी ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन की सौगात देने के लिए मुख्य अतिथि आर.एस. बाली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जंदराह पंचायत में विकास के कई कार्य विकास पुरुष जी.एस. बाली के प्रयासों से हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र में स्कूल, स्वास्थ्य उपकेंद्र, सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए काम किया। उन्हीं विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए अब स्वास्थ्य उपकेंद्र को अपना भवन मिलने जा रहा है।
दोनों पंचायतों में आर.एस. बाली के समक्ष कई नए लोगों ने पार्टी का दामन थामा। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत किया। इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष रेनू वाला, उपाध्यक्ष सुदेश पराशर, स्थानीय प्रधान रीमा देवी, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


