शाहपुर। युवाओं और मातृशक्ति के मुद्दों को लेकर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित युवा शक्ति और मातृशक्ति ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया है। सेंटर बैटल प्रेई में आयोजित बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार, शिक्षा, नशे की समस्या तथा प्रदेश की कांग्रेस सरकार की चुनावी घोषणाओं और गारंटियों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में हर माह युवा एवं मातृशक्ति की बैठक आयोजित की जाएगी। आगामी बैठक चंगर क्षेत्र में होगी। इन बैठकों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के साथ गांव-गांव और घर-घर जनसंपर्क अभियान को भी गति देने की बात कही गई।
केंद्र की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और आमजन के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता रहेगी।
युवाओं को कौशल विकास, शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़े अवसरों की जानकारी देने के साथ मातृशक्ति को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी है, जब वह समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से युवा और महिला कार्यकर्ता गांव-गांव तथा घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे।
कांग्रेस की चुनावी गारंटियों की जमीनी स्थिति पर सवाल
बैठक में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, युवाओं को 5 लाख रोजगार देने, 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड उपलब्ध करवाने, हर विधानसभा क्षेत्र में चार अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने, पशुपालकों से प्रतिदिन 10 लीटर दूध खरीदने और 2 रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदने जैसी घोषणाएं की थीं।
वक्ताओं ने कहा कि इन चुनावी वादों की वर्तमान जमीनी स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि रोजगार, अवसर, कौशल और आत्मनिर्भर भविष्य चाहता है। इन मुद्दों को लेकर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
नशे की समस्या पर भी जताई चिंता
बैठक में प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसे रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता के साथ प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई भी जरूरी है। शाहपुर विधानसभा में युवाओं को नशे से दूर रखने और परिवारों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
स्थानीय समस्याओं को लेकर भी होगा संवाद
बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विकास कार्यों और अन्य स्थानीय जनसमस्याओं पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता की समस्याएं केवल चुनाव के समय नहीं उठाई जाएंगी। हर माह अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और जनहित के मुद्दों को उचित मंच पर उठाया जाएगा।
2027 में युवा और मातृशक्ति की निर्णायक भूमिका का संकल्प
बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर युवा शक्ति और मातृशक्ति को साथ लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा घर-घर जनसंपर्क अभियान को गति देने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि 2027 में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाने के अभियान में शाहपुर की युवा शक्ति और मातृशक्ति निर्णायक भूमिका निभाएगी।
बैठक में प्रणव शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश आईटी संयोजक; अरविंद सिंह चौधरी, भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी; विजय चौधरी, ओबीसी मोर्चा जिला कांगड़ा अध्यक्ष; श्रेय अवस्थी, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक; राजेश, प्रदेश ओबीसी मोर्चा मीडिया प्रभारी; जसविंदर चौधरी, मंडल महामंत्री लदवाड़ा; ओम शर्मा, एसटी मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी; सुनील नारू, युवा मोर्चा जिला कांगड़ा आईटी संयोजक; सुमित चौधरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश आईटी संयोजक; योगेश धीमान, मंडल सचिव; सुमित धीमान, मंडल आईटी संयोजक; गणेश, जिला आईटी सह संयोजक; रजनी जी, अरुणा जी, सरला जी, निशा जी, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारी सदस्य; मोनिका, विपन लदवाड़ा, मंडल सचिव; साहिल चौधरी, प्रथम काशवाल, पारस चौधरी और अभिनन्दन चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आयोजकों ने कहा कि युवा शक्ति जाग चुकी है और अब जनजागरण को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। जनसंवाद के माध्यम से जनजागरण और जनजागरण के माध्यम से परिवर्तन का संदेश देने का संकल्प लिया गया।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


