धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। धर्मशाला से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार सालों में प्रदेश में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगी और जनता को सिर्फ महंगाई, टैक्स और आर्थिक बोझ मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब ‘सुख की सरकार’ नहीं, बल्कि ‘महंगाई की मार सरकार’ बनकर रह गई है।

विश्व चक्षु ने सवाल उठाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में आखिर क्या किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिपुओं में मिलने वाला राशन महंगा हो गया है। सीमेंट, स्टांप ड्यूटी, एचआरटीसी का किराया और बिजली की दरों में बढ़ोतरी हुई है। यहां तक कि सरकारी अस्पतालों में पहले मुफ्त मिलने वाली पर्ची के लिए भी अब पैसे वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सस्ते राशन का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को बड़े प्रोजेक्ट और विकास योजनाएं दे रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन परियोजनाओं की रफ्तार रोकने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर, अटल टनल रोहतांग, वंदे भारत ट्रेन, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और हजारों करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से हिमाचल को दी गई हैं। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से भी प्रदेश के परिवारों को लाभ मिल रहा है।

विश्व चक्षु ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हिमकेयर योजना, सहारा योजना, शगुन योजना, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, ग्रामीण महिलाओं के लिए गृहिणी सुविधा योजना और बुजुर्गों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाले जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं, जबकि मौजूदा कांग्रेस सरकार हर योजना के लिए लोगों से पैसे वसूल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई से गरीब, किसान, कर्मचारी और छात्र समेत हर वर्ग परेशान है। कांग्रेस सरकार कर्ज पर कर्ज लेकर और महंगाई बढ़ाकर अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रही है। विश्व चक्षु ने कहा कि पिछले चार साल का कार्यकाल हिमाचल प्रदेश के इतिहास में सबसे निराशाजनक और महंगाई भरे दौर के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनता आने वाले चुनावों में कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


