बैजनाथ उपमंडल के अंतर्गत आने वाली छोटा भंगाल घाटी में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में उपमंडलाधिकारी एवं आरओ संकल्प गौतम ने तहसील मूल्थान के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूल्थान, कोठी कोहड़, बड़ा ग्रां और धर्माण पंचायत के तहत आने वाले मतदान केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
एसडीएम संकल्प गौतम ने मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, बिजली व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी कोहड़ का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने और अस्पताल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एसडीएम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मूल्थान, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मूल्थान, बड़ा ग्रां और दयोट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था और मिड-डे मील योजना के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!