राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई की ओर से महाविद्यालय परिसर में ‘स्काउटोपिया-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘A Village of Skills, Service & Adventure’ यानी कौशल, सेवा एवं साहसिक गतिविधियों का गांव थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, व्यावहारिक कौशल, साहसिक गतिविधियों और समाज सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में डॉ. राकेश कुमार भारतीया, संयुक्त आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी, जीएसटी नॉर्थ जोन, पालमपुर, हिमाचल प्रदेश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर धर्मशाला में तैनात डॉ. नवजोत शर्मा, रोहित राणा एवं अबनीश कुमार, सहायक आयुक्त तथा डॉ. आदित्य महाजन और अशोक शर्मा, राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राकेश कुमार भारतीया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में स्वस्थ एवं जिम्मेदार विकल्प अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर बात करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके भविष्य और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आत्मानुशासन अपनाने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों से स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों अनुशासन, सेवा, सहयोग और नेतृत्व को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उन्हें आत्मनिर्भर, जिम्मेदार तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील नागरिक बनने में मदद करती हैं। उन्होंने स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी जरूरी बताया।
कार्यक्रम के दौरान स्काउटिंग कौशल, पायनियरिंग गतिविधियों, साहसिक प्रदर्शनों और विभिन्न रोचक खेलों पर आधारित प्रदर्शनी एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों के जरिए अपनी रचनात्मकता, व्यावहारिक ज्ञान, टीम भावना और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियों, समर्पण और स्काउटिंग गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह ने अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और सेवा, अनुशासन तथा प्रतिबद्धता के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आयोजन रोवर लीडर डॉ. अजय कुमार जम्बाल और रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें सहायक रोवर लीडर डॉ. गौरव महाजन और सहायक रेंजर लीडर डॉ. सरिता का विशेष सहयोग रहा।
‘स्काउटोपिया-2026’ विद्यार्थियों के लिए अनुभवात्मक शिक्षा का एक बेहतर मंच साबित हुआ। कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के महत्व को सामने रखा गया। साथ ही स्काउटिंग के आदर्श वाक्य ‘Be Prepared’ यानी ‘सदैव तैयार रहें’ के माध्यम से विद्यार्थियों को हर परिस्थिति का सामना करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का समापन ‘सीखें करके, नेतृत्व करें उदाहरण बनकर और गर्व के साथ सेवा करें’ के प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में शिक्षण संस्थानों और युवाओं की सामूहिक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


