शाहपुर। शाहपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के सर्वसम्मति से गठन पर नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बबीता ठाकुर, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल और पार्षदों ने पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रेस क्लब के गठन को क्षेत्र की पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे पत्रकारों के बीच एकजुटता मजबूत होगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए एक साझा मंच मिलेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता ठाकुर ने नवनियुक्त अध्यक्ष आशीष पटियाल, महासचिव विचित्र शर्मा और पूरी कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शाहपुर प्रेस क्लब का गठन क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्हें उम्मीद है कि प्रेस क्लब पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को जागरूक करने तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत करने में अहम योगदान देती है।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने भी शाहपुर प्रेस क्लब के गठन पर खुशी जाहिर करते हुए सभी पत्रकारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की एकजुटता, अधिकारों और सम्मान को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रभावी मंच बन सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
नगर पंचायत पार्षद अभिषेक माथुर, अनुपमा, प्रीति, नितिन और विजय गुलरिया ने भी प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब आपसी सहयोग और समन्वय के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पहल करेगा तथा शाहपुर की समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाएगा।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



