शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा निकाली। ओल्ड बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पार्किंग से शुरू हुई यह पदयात्रा विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान पहुंची। इसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा समेत भाजपा के कई बड़े नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
पदयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।

घुसपैठियों को बचाने का प्रयास कर रही कांग्रेस: हिमंता सरमा
पदयात्रा के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में घुसपैठ की समस्या गंभीर है और इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक स्वीकार किया गया है। सरमा ने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों की पहचान करने और उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया का विरोध कर रहा है। उनके मुताबिक, कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
केरल और हिमाचल के चुनाव पर राहुल गांधी से सवाल
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में घुसपैठ की समस्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर घुसपैठियों की पहचान कर उनके नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए जाएंगे, तो इस समस्या का समाधान कैसे होगा? उन्होंने दावा किया कि बाबर और औरंगजेब जैसे घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए ही एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।
राहुल गांधी के चुनाव और लोकतंत्र से जुड़े बयानों पर सवाल उठाते हुए सरमा ने कहा कि राहुल गांधी 2024 के चुनाव को रद्द करने की बात कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि क्या हिमाचल प्रदेश और केरल के चुनाव भी रद्द होने चाहिए? उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या राहुल गांधी का रायबरेली से अपना चुनाव भी रद्द होना चाहिए?
हम जीतें तो गलत, कांग्रेस जीते तो सब सही: सरमा
असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को पहले कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारों से इस्तीफा मांगना चाहिए और उसके बाद भाजपा के चुनावों पर सवाल उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो सब कुछ सही बताया जाता है, लेकिन भाजपा की जीत पर वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाते हैं।

सरमा ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी को चुनाव में गड़बड़ी का संदेह है, तो उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगे।
सीएम सुक्खू के बयान पर हिमंता सरमा का पलटवार
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के उस बयान पर भी हिमंता सरमा ने जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2014 के बाद देश में लोकतंत्र खत्म हो गया है। सरमा ने पलटवार करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र कायम है और इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत 2022 में जयराम ठाकुर के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने हैं।
दिल्ली की महारैली के बीच हिमाचल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
गौरतलब है कि रविवार को ही नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी ‘INDI’ गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जा रही है। इस रैली में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और कांग्रेस विधायक दल के सदस्य दिल्ली पहुंचे हुए हैं।
एक ओर दिल्ली में विपक्षी दल केंद्र सरकार के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस और INDI गठबंधन को जवाब देने की कोशिश की। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस और विपक्षी दल देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


