शिमल। राजधानी शिमला में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी पदयात्रा निकाली। इस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल हुए। भाजपा ने इस पदयात्रा के जरिए मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर अपना पक्ष जनता के सामने रखा।

पदयात्रा की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे पुराने बस स्टैंड के पास गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग से हुई। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता यहां से विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग होते हुए चौड़ा मैदान पहुंचे। यहां जनसभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए।
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लिया हिस्सा
इस पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से कार्यकर्ता शिमला पहुंचे। आयोजकों ने पदयात्रा में 8 से 10 हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा था।

जनसभा स्थल पर तैयारियों का लिया गया जायजा
कार्यक्रम से एक दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चौड़ा मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया था। उन्होंने जनसभा स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्टी पदाधिकारियों से आयोजन को लेकर जानकारी ली। इसके साथ ही कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जरूरी निर्देश भी दिए।
SIR के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस को दिया जवाब
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR की प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा और जनसभा के माध्यम से जनता को इस मुद्दे पर अपना पक्ष बताएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएगी। SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


