पांगी। हिमाचल प्रदेश की दुर्गम पांगी घाटी में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। लगातार हो रही बारिश के बीच शूण पंचायत के उदीन नाले और थांदल धार क्षेत्र में अचानक आई आपदा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि मनरेगा के 15 से 20 कर्मचारी नाले के दूसरी ओर फंस गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शूण पंचायत के उदीन नाले में अचानक बादल फटने के बाद तेज बाढ़ आ गई। उस समय नाले के पास कार्य कर रहे मनरेगा के करीब 15 से 20 कर्मचारी दूसरी ओर फंस गए। वार्ड सदस्य इंदु कुमारी (उदीन) ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं, लेकिन नाले का जलस्तर और मलबे का बहाव इतना अधिक है कि फिलहाल उसे पार करना संभव नहीं है। उन्होंने वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है। मामले की सूचना आरसी पांगी को भी दे दी गई है, ताकि फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
उधर, दोपहर करीब 12 बजे थांदल धार क्षेत्र में भी बादल फटने की घटना सामने आई। इसके बाद पुर्थी नाले में अचानक उफान आ गया और तेज बहाव ने भारी नुकसान पहुंचाया। बाढ़ के कारण सीमा सड़क संगठन (BRO) की मुख्य सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पुर्थी-थांदल संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क बंद होने से क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हो गई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तेज बहाव की चपेट में दो घराट भी आ गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की टीमें क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर रही हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एसडीएम पांगी अमनदीप ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने बीआरओ और अन्य विभागों को मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के किनारे जाने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


