हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी सड़क पर पांगी के मिंधल पुल के पास बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। करीब 10:45 बजे एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय युवाओं ने दोनों घायलों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को कुल्लू रेफर कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो वाहन संख्या एचपी 34डी-6063 पुर्थी से किलाड़ की ओर जा रहा था। मिंधल पुल के समीप पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पुर्थी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी भी जुटाई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, घायलों के बयान अभी दर्ज नहीं हो पाए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घायलों की पहचान चालक संजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी चसग, डाकघर सेचू, पांगी और राम सिंह पुत्र गुलाब चंद निवासी खज्जियार रेई, पांगी के रूप में हुई है। पुलिस थाना प्रभारी पांगी नरेंद्र कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


