Kangra: हिमाचल में घुसते ही धरा गया नशा तस्कर! कंडवाल बॉर्डर पर 10.18 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तारी

नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के नूरपुर पुलिस जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए नूरपुर की टीम ने राज्य के मुख्य प्रवेश द्वार कंडवाल बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को 10.18 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार सीआईए नूरपुर की टीम पंजाब से हिमाचल आने वाले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से एक युवक बाइक (PB 06 BA 1636) पर सवार होकर कंडवाल बैरियर से हिमाचल में प्रवेश कर रहा था। पुलिस को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 10.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा (26) पुत्र जमाल सिंह निवासी सराय मोहल्ला, गली नंबर-47, गांधी चौक, पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नूरपुर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने पंजाब में यह चिट्टा किस सप्लायर से खरीदा था और हिमाचल के नूरपुर या आसपास के क्षेत्रों में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!