राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को धर्मशाला में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस वर्ष समारोह का विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा। कार्यक्रम में पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि यह दिन पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आए बदलावों पर आत्ममंथन करने और मौजूदा चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर विचार करने का अवसर है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाचार-पत्रों की विश्वसनीयता और प्रासंगिकता हमेशा बनी रहेगी। भले ही कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव का दौर आए, लेकिन जिम्मेदार और भरोसेमंद पत्रकारिता का महत्व कभी कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज पत्रकारिता के सामने एक नई चुनौती बनकर उभरा है। इसके अनियंत्रित इस्तेमाल पर नियंत्रण लगाने की मांग भी लगातार उठ रही है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के आने से सूचना का दायरा काफी बढ़ा है, लेकिन पारंपरिक समाचार-पत्रों और सोशल मीडिया पत्रकारिता में बड़ा अंतर है। अखबारों में किसी खबर को प्रकाशित करने से पहले कई स्तरों पर उसका सत्यापन किया जाता है। इसके साथ ही पत्रकार की जिम्मेदारी और जवाबदेही भी तय रहती है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसर अक्सर रातों-रात लोकप्रियता हासिल करने के लिए सनसनीखेज खबरें फैलाते हैं, जबकि उनकी जवाबदेही तय नहीं होती। हालांकि, यह स्थिति लंबे समय तक नहीं रहेगी और समय के साथ इसमें भी बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले सभी पक्षों और तथ्यों को सामने रखना पत्रकारिता का मूल धर्म है।
मोबाइल और सोशल मीडिया ने बढ़ाईं पत्रकारिता की चुनौतियां
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में हर व्यक्ति के हाथ में सूचना प्रसारित करने का माध्यम पहुंच गया है। इसके साथ ही कंपनियों की लोगों की निजी पसंद, गतिविधियों और डेटा तक पहुंच भी बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने कई नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं।
उन्होंने पत्रकारों से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सच्चाई और तथ्यों पर आधारित खबरें प्रकाशित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए यह भी जरूरी है कि पत्रकार सरकारों के अच्छे कार्यों, विकास योजनाओं और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को जनता के सामने रखें।
अग्निहोत्री ने कहा कि लिखा हुआ शब्द तलवार से भी गहरा घाव कर सकता है और एक बार प्रकाशित होने के बाद हमेशा रिकॉर्ड में रहता है। इसलिए पत्रकारों को अपनी लेखनी की ताकत के साथ उसकी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार की पहचान इस बात से बनती है कि लोग उसकी खबरों को कितना महत्व देते हैं और समाज में उन पर कितनी चर्चा होती है।

पत्रकारिता में अभिव्यक्ति से ज्यादा समझ और जिम्मेदारी का संकट: नवनीत शर्मा
दैनिक जागरण के संपादक नवनीत शर्मा ने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने अभिव्यक्ति की आजादी से बड़ा संकट समझ और जिम्मेदारी का है। मौजूदा दौर में सनसनी और जिम्मेदारी के बीच अंतर को सही तरीके से समझना और परिभाषित करना जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना करना आसान है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी अपने व्यक्तित्व और व्यवहार को सही दिशा देना है। वरिष्ठ पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे नई पीढ़ी के पत्रकारों को भाषा के सही इस्तेमाल और मर्यादा की सीख दें, ताकि वे आलोचना और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी के बीच अंतर समझ सकें। उन्होंने कहा कि आलोचना सभी की होती है, लेकिन उसमें इस्तेमाल की गई भाषा और शैली बहुत मायने रखती है।
नवनीत शर्मा ने कहा कि खबर लिखते समय उसके सामाजिक प्रभाव और संबंधित व्यक्ति की संवेदनशीलता का ध्यान रखना भी पत्रकार की जिम्मेदारी है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना या खबर को ज्यादा से ज्यादा पढ़वाना नहीं, बल्कि पाठकों तक सच्ची और जनहित से जुड़ी जानकारी पहुंचाना है। एक अच्छे पत्रकार की पहचान इस बात से होती है कि वह सामान्य खबर में भी जनहित के महत्वपूर्ण पहलुओं को सामने ला सके। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सत्य, भाषा की मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण हैं।

पत्रकारिता में पांच तरह की सनसनी चिंता का विषय: हेमंत कुमार
हिमाचल दस्तक के संपादक हेमंत कुमार ने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती विश्वसनीयता और पाठकों का भरोसा बनाए रखना है। सनसनी और जिम्मेदारी के बीच का अंतर धीरे-धीरे धुंधला होता जा रहा है, जो लोकतंत्र और समाज के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता में पांच तरह की सनसनी देखने को मिल रही है। पहली, खोजपूर्ण और बड़ी खबरों का अभाव। दूसरी, छोटी-छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना। तीसरी, तथ्यों की जांच किए बिना झूठी खबरें प्रसारित करना। चौथी, मीडिया संस्थानों का राजनीतिक विचारधाराओं और सत्ता के पक्ष-विपक्ष में बंट जाना। पांचवीं और सबसे गंभीर चुनौती यह है कि बिना प्रशिक्षण और पत्रकारिता के बुनियादी नियमों की जानकारी के कुछ लोग मीडिया में सक्रिय होकर गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
हेमंत कुमार ने इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइटों के लिए प्रभावी नीति बनाने तथा मीडिया संस्थानों को अपनी जिम्मेदारी समझने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को सनसनीखेज प्रवृत्ति से बाहर निकालकर तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदार बनाने के लिए सामूहिक मंथन जरूरी है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अजय महाजन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव राकेश कंवर, सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक राजीव कुमार सहित कांगड़ा और शिमला जिलों के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


