Himachal: हिमाचल की बेटी ने रचा इतिहास! लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर बनीं सिल्वर गन ट्रॉफी जीतने वाली पहली महिला अधिकारी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की बेटी लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर ने भारतीय सेना में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अर्की उपमंडल के कहडोग गांव की रहने वाली प्रगति ठाकुर ने प्रतिष्ठित सिल्वर गन ट्रॉफी जीतकर भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट में नया इतिहास रच दिया है। वह इस सम्मान को हासिल करने वाली देश की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।

प्रगति ठाकुर वर्तमान में भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट में सेवाएं दे रही हैं। उनके पिता और भारतीय सेना से सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन बालक राम ठाकुर ने बताया कि अब तक सिल्वर गन ट्रॉफी केवल पुरुष अधिकारियों ने जीती थी, लेकिन प्रगति ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और प्रदर्शन से इस परंपरा को बदल दिया। उन्होंने यह उपलब्धि स्कूल ऑफ आर्टिलरी में आयोजित यंग ऑफिसर्स कोर्स के दौरान हासिल की। यह ट्रॉफी नेतृत्व क्षमता, सैन्य कौशल, पेशेवर दक्षता और कठिन प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा अधिकारी को प्रदान की जाती है।

Advertisement

यह प्रगति की पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले मार्च 2025 में चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) की पासिंग आउट परेड में उन्होंने पूरे बैच में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। अकादमी में उन्हें अकादमी अंडर ऑफिसर का दर्जा भी मिला था, जिसे कैडेट्स के लिए सबसे वरिष्ठ और सम्मानजनक पद माना जाता है। ओटीए में गोल्ड मेडल और अब सिल्वर गन ट्रॉफी जीतकर उन्होंने अपनी असाधारण सैन्य क्षमता का परिचय दिया है।

लेफ्टिनेंट प्रगति ठाकुर को देश सेवा की प्रेरणा परिवार से मिली। उनके पिता बालक राम ठाकुर भारतीय सेना से ऑनरेरी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता मीना ठाकुर गृहिणी हैं। प्रगति ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय जतोग से प्राप्त की और इसके बाद संजौली कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण की और सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार किया।

उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से अर्की सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रगति ठाकुर और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!