हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित विश्वविख्यात पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर 28 अक्टूबर 2026 तक रोक लगा दी गई है। हालिया पैराग्लाइडिंग हादसों और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। हालांकि, योग्य पायलटों और अधिकृत ऑपरेटरों की निगरानी में टैंडम पैराग्लाइडिंग उड़ानें जारी रह सकेंगी, लेकिन इसके लिए मौसम की स्थिति का आकलन करना जरूरी होगा।
तेज हवाओं और बदलते मौसम के चलते लिया गया फैसला
उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बैजनाथ संकल्प गौतम ने सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता, बादलों की स्थिति में बदलाव और मौसम में अचानक होने वाले परिवर्तन से पैराग्लाइडिंग के दौरान जोखिम बढ़ गया है। ऐसे में मानव जीवन की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है।
टैंडम पैराग्लाइडिंग के लिए क्या हैं नियम?
प्रशासन के आदेश के अनुसार, प्रतिबंध की अवधि में अधिकृत और योग्य पायलटों तथा ऑपरेटरों की निगरानी में टैंडम पैराग्लाइडिंग उड़ानें जारी रह सकती हैं। हालांकि, हर उड़ान से पहले मौसम की स्थिति का आकलन करना अनिवार्य होगा। तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पैराग्लाइडिंग मार्शलों को सोलो उड़ानों पर लगी रोक का सख्ती से पालन करवाने और टैंडम उड़ानों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी असुरक्षित उड़ान या नियमों के उल्लंघन की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को देनी होगी। इसके अलावा, सभी पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों और पायलटों को निर्धारित सुरक्षा मानकों, परिचालन दिशा-निर्देशों और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है।
पर्यटकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
प्रशासन ने पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों को पर्यटकों और आगंतुकों को मौजूदा मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जहां उड़ान के लिए सुरक्षित परिस्थितियां सुनिश्चित नहीं होंगी, वहां पैराग्लाइडिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य बीड़-बिलिंग आने वाले पर्यटकों और पैराग्लाइडिंग करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


