कुल्लू जिले के आनी में जल शक्ति विभाग ने पैरा कुक और पैरा हेल्पर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल आनी से प्राप्त सूचना के अनुसार जल शक्ति विभाग की पैरा पॉलिसी के तहत दोनों पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 सितंबर 2026 से 9 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के तहत पैरा कुक का एक पद और पैरा हेल्पर का एक पद भरा जाएगा। दोनों ही पद अनारक्षित श्रेणी के हैं। पैरा कुक को 9,000 रुपये प्रति माह और पैरा हेल्पर को 5,500 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा।
इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही आवेदक का जल शक्ति सर्कल कुल्लू क्षेत्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं यानी मैट्रिक पास रखी गई है।
पैरा कुक के पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट संस्थान से डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा किसी सरकारी या निजी संस्थान में खाना बनाने यानी कुकिंग का न्यूनतम 5 वर्ष का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन फॉर्म के साथ उम्मीदवारों को एक अलग शपथ पत्र भी जमा करना होगा। इसमें यह प्रमाणित करना होगा कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य किसी भी प्रकार की सरकारी, पीएसयू या बोर्ड की नौकरी में नहीं है।
योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में सभी जरूरी प्रमाणित या स्व-प्रमाणित दस्तावेजों की प्रतियों के साथ अपना आवेदन अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल आनी के कार्यालय में 9 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जल शक्ति उप-मंडल आनी, शोवाद, दलाश, निथर और निरमंड के सहायक अभियंता कार्यालयों से किसी भी कार्यदिवस पर प्राप्त किए जा सकते हैं।
निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले या अधूरे आवेदन बिना किसी सूचना के रद्द कर दिए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया, योग्यता और मूल्यांकन के मानदंडों से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार जल शक्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.jsv.hp.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय के दूरभाष नंबर 01904-253339 पर भी संपर्क किया जा सकता है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


