नूरपुर, 16 जुलाई। नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत कंडवाल विट क्षेत्र में अवैध कटान के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। लोध्वां बॉडी खड्ड के समीप ग्रामीणों ने खैर की लकड़ी से लदी एक पिकअप को रोक लिया और उसे वन विभाग के हवाले कर दिया। इस दौरान लोगों ने अवैध कटान के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और आक्रोश में वाहन के शीशे भी तोड़ दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में लदे खैर के मोछों पर वन विभाग का अनिवार्य हैमर (मार्किंग) नहीं लगा हुआ था। हैमर न होने के कारण लोगों को संदेह हुआ कि लकड़ी का कटान अवैध रूप से किया गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन को आगे नहीं बढ़ने दिया और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध कटान की शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि वन माफिया लगातार वन संपदा को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जंगलों की हरियाली और प्राकृतिक संसाधनों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने वन विभाग से अवैध कटान में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की।

रेंज ऑफिसर (आर.ओ.) अब्दुल हमीद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके से खैर के कुल 27 मोछे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खैर के पेड़ सरकारी भूमि से काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि वाहन चालक संदीप और उसके साथी सन्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आर.ओ. हमीद ने बताया कि बरामद पिकअप वाहन आकाश इंदोरिया का है। उन्होंने कहा कि आकाश इंदोरिया का नाम पहले भी अवैध कटान के मामलों में सामने आ चुका है। पूर्व में भी उसे अवैध कटान के आरोप में पकड़ा गया था और उस पर भारी जुर्माना लगाया गया था। वन विभाग अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कटान में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


