जिला कांगड़ा के धनोटू क्षेत्र के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन पुल अचानक ढह गया। यह पुल घनोटू से ललहेटा वाया टुंडू सड़क पर लोक निर्माण विभाग शाहपुर द्वारा बनाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, खड्ड में अचानक पानी का बहाव बढ़ने की वजह से यह घटना हुई। हालांकि स्थानीय लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठा रहे हैं और इसे लापरवाही से जोड़ा जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर इतने बड़े प्रोजेक्ट में यह स्थिति कैसे बनी।
बताया जा रहा है कि लगभग 6 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना में 50 मीटर लंबे पुल का निर्माण भी शामिल था, जिसे करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा था। सोमवार रात पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह जाने से लगभग 1.25 करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
लंबे समय से स्थानीय लोग इस सड़क और पुल के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब इस घटना के बाद उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
लोक निर्माण विभाग शाहपुर के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल ने बताया कि खड्ड में पानी ओवरफ्लो होने के कारण निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान की भरपाई ठेकेदार से की जाएगी।
वहीं, विधायक केवल सिंह पठानिया ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरे मामले की तकनीकी और प्रशासनिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!