शाहपुर। स्वास्थ्य खंड शाहपुर के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीऊँ में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता ठाकुर के निर्देशानुसार विश्व रेबीज दिवस मनाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को रेबीज से बचाव, जरूरी सावधानियों और समय पर उपचार को लेकर जागरूक किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक वीरेंद्र बलौरिया, स्वास्थ्य कार्यकर्ता रेखा देवी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीऊँ का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक वीरेंद्र बलौरिया ने लोगों को बताया कि रेबीज एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर सही कदम उठाकर इससे बचाव संभव है।
उन्होंने कहा कि कुत्ते, बिल्ली या किसी अन्य स्तनधारी जानवर के काटने या खरोंचने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। घाव पर मिर्च, तेल, मिट्टी या किसी भी घरेलू पदार्थ का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और उपचार में किसी तरह की देरी से बचना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जानवर के काटने या खरोंचने के बाद तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें और स्वास्थ्यकर्मी की सलाह के अनुसार रेबीज से बचाव के टीके लगवाएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को पालतू कुत्तों और बिल्लियों का समय पर रेबीज टीकाकरण करवाने के लिए भी प्रेरित किया। टीम ने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार के जरिए रेबीज से बचाव संभव है।
इस अवसर पर लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी रेबीज से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


