धर्मशाला, 28 सितंबर। धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म उत्सव का 15वां संस्करण इस बार 29 अक्तूबर से 1 नवंबर तक डल झील के समीप तिब्बतन चिल्ड्रन विलेज में आयोजित किया जाएगा। उत्सव की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर सोमवार को सहायक आयुक्त एवं उपायुक्त कांगड़ा विवेक चौहान की अध्यक्षता में आयोजकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में विवेक चौहान ने आयोजन स्थल पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, परिवहन, कानून एवं व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस फिल्म उत्सव से धर्मशाला और कांगड़ा जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों और फिल्म निर्माण तथा इससे जुड़े क्षेत्रों में रुचि रखने वाले युवाओं को देश-विदेश के फिल्मकारों और विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा।
सहायक आयुक्त ने अधिकारियों को आयोजन में आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने और सभी व्यवस्थाओं को समन्वय के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन, फिल्म उत्सव निदेशिका ऋतु सरीन, प्रबंधक लूसी पीटर, कम्युनिटी आउटरीच समन्वयक अभिषेक ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


