मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश में विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को शिकायत देकर सांसद के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा ने 10 नवंबर को सांसद के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @KanganaTeam से साझा की गई पोस्ट पर आपत्ति जताई है। उन्होंने पोस्ट को आपत्तिजनक, भ्रामक और भड़काऊ बताते हुए तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है। साथ ही मामले की समयबद्ध साइबर और फॉरेंसिक जांच करवाने का आग्रह किया है।
इंदिरा, संजय और राजीव गांधी की मौत से जुड़ी टिप्पणियों पर आपत्ति

कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। शिकायत के अनुसार, पोस्ट में इन राजनीतिक हस्तियों की मौत और उसके बाद देश की राजनीति में हुए घटनाक्रम को जोड़कर एक कथित नैरेटिव पेश किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में सोनिया गांधी को एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में दिखाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि वह विदेश के एक कैफे में पहुंचीं और इसके बाद परिवार के सदस्य एक के बाद एक मारे गए, जिसके परिणामस्वरूप वह सरकार की मुखिया बन गईं। इस कथित घटनाक्रम पर पोस्ट में ‘कितना सुविधाजनक’ जैसी टिप्पणी भी की गई है। इसके अलावा पोस्ट में संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से बाहर निकाले जाने का आरोप भी लगाया गया है।
BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग
कैप्टन अतुल शर्मा ने शिकायत में कहा है कि इस तरह की टिप्पणियां केवल राजनीतिक असहमति या ऐतिहासिक घटनाओं की व्याख्या तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे सार्वजनिक वैमनस्य और अशांति फैलने की आशंका है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में BNS की धारा 196 का उल्लेख किया गया है, जो विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने से संबंधित है। इसके अलावा धारा 353 के तहत सार्वजनिक उपद्रव फैलाने वाली झूठी जानकारी प्रसारित करने और धारा 197 के तहत राष्ट्रीय अखंडता के प्रतिकूल दावे करने से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई का आग्रह किया गया है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का भी हवाला दिया है। उनका कहना है कि संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत हर नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल अपुष्ट और भड़काऊ दावे फैलाने के लिए नहीं किया जा सकता।
उन्होंने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता, डिजिटल फुटप्रिंट और उससे जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करवाने की मांग की है। इसके साथ ही यह पता लगाने का आग्रह किया है कि क्या पोस्ट के माध्यम से किसी विशेष समूह के प्रति वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया है।
फिलहाल कैप्टन अतुल शर्मा की ओर से सांसद कंगना रनौत के खिलाफ DGP को शिकायत सौंपी गई है। इसमें FIR दर्ज करने और मामले की साइबर फॉरेंसिक जांच करवाने की मांग की गई है। हालांकि, अभी तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं हुई है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


