अगर आप भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहते हैं, तो आपके लिए कई शानदार एंट्री स्कीम उपलब्ध हैं। ग्रेजुएशन और प्रोफेशनल डिग्री करने वाले युवाओं के लिए सेना में ऑफिसर बनने के अलग-अलग रास्ते हैं, जिनके जरिए आप ट्रेनिंग लेकर इंडियन आर्मी का हिस्सा बन सकते हैं।
भारतीय सेना में ‘JAG’ (जज एडवोकेट जनरल) एंट्री के तहत उम्मीदवारों को 49 सप्ताह का प्रशिक्षण OTA चेन्नई में दिया जाता है। इस एंट्री के लिए आयु सीमा 21 से 27 वर्ष है और अविवाहित या विवाहित पुरुष आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार के पास LLB या LLM की डिग्री 50 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए और बार काउंसिल ऑफ इंडिया या राज्य बार काउंसिल में पंजीकरण जरूरी है। इस एंट्री के लिए आवेदन अप्रैल और अक्टूबर में जारी होते हैं।
इसी तरह यूनिवर्सिटी एंट्री स्कीम (UES) के तहत इंजीनियरिंग के प्री-फाइनल और फाइनल ईयर के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसमें एक वर्ष का प्रशिक्षण IMA देहरादून में होता है। फाइनल ईयर के छात्रों के लिए आयु सीमा 19 से 25 वर्ष और प्री-फाइनल के लिए 18 से 24 वर्ष निर्धारित है। आवेदन प्रक्रिया मार्च और अप्रैल में होती है।
टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स (TGC) इंजीनियर्स के लिए एक और महत्वपूर्ण एंट्री है, जिसमें एक साल की ट्रेनिंग IMA देहरादून में दी जाती है। इसके लिए आयु सीमा 20 से 27 वर्ष है और उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग स्ट्रीम में BE या BTech की डिग्री होनी चाहिए। इसके नोटिफिकेशन अप्रैल और मई में जारी होते हैं।
TGC (Education) यानी आर्मी एजुकेशन कॉर्प्स के तहत भी उम्मीदवार अधिकारी बन सकते हैं। इसके लिए M.A. या M.Sc. की डिग्री मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से प्रथम या द्वितीय श्रेणी में होना जरूरी है। आयु सीमा 23 से 27 वर्ष रखी गई है और यह एंट्री अविवाहित उम्मीदवारों के लिए है। आवेदन अप्रैल-मई और अक्टूबर-नवंबर में जारी होते हैं।
इसके अलावा शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) टेक्निकल एंट्री पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए उपलब्ध है। पुरुषों के लिए आयु सीमा 20 से 27 वर्ष है, जबकि महिलाओं के लिए 19 से 25 वर्ष निर्धारित है। दोनों के लिए इंजीनियरिंग डिग्री जरूरी है और 49 सप्ताह का प्रशिक्षण OTA चेन्नई में दिया जाता है। पुरुषों के लिए नोटिफिकेशन अप्रैल-मई और अक्टूबर-नवंबर में आते हैं, जबकि महिलाओं के लिए जनवरी-फरवरी और जुलाई-अगस्त में जारी किए जाते हैं।
इन सभी एंट्री स्कीम के लिए इच्छुक उम्मीदवार www.upsc.gov.in और www.joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया देख सकते हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!