हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के अंतर्गत किन्नू-मवा रोड पर सोमवार शाम एक अज्ञात युवक ने पिस्तौल के बल पर महिला के कानों से सोने की बालियां लूट लीं और बाइक पर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित रणवीर और उनकी पत्नी अनुराधा सोमवार को होशियारपुर में एक ऑपरेशन के सिलसिले में गए थे। हालांकि किसी कारणवश ऑपरेशन नहीं हो सका। इसके बाद दोनों शाम करीब साढ़े छह बजे मवा सड़क पर बस से उतरकर पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे।
रास्ते में रणवीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां आने लगीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक बाइक पर वहां पहुंचा और मदद की पेशकश करते हुए महिला से कहा कि वह उन्हें उनके घर तक छोड़ देगा। महिला ने उसकी बात से इनकार करते हुए कहा कि वे स्वयं घर चले जाएंगे।

आरोप है कि महिला के मना करने के बाद युवक ने अचानक पिस्तौल निकाल ली, महिला को धमकाया, धक्का दिया और उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया।
पीड़ित दंपती के अनुसार आरोपी की भाषा स्थानीय नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 50 हजार रुपये नकद भी थे, लेकिन आरोपी केवल सोने की बालियां लेकर फरार हुआ। घटना की सूचना अप्पर लोहारा पंचायत की प्रधान संगीता बाला को दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित दंपती के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पास के एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में एक बाइक सवार युवक जाता हुआ दिखाई दिया है।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की उम्मीद है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


