कांगड़ा: डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा ने आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में अब तक 350 से अधिक रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। इसके साथ ही किडनी ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में भी मेडिकल कॉलेज ने उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। यहां अब तक 30 मरीजों का सफलतापूर्वक गुर्दा प्रत्यारोपण किया गया है, जिनमें से दो ट्रांसप्लांट रोबोटिक तकनीक की मदद से किए गए हैं।

प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि 28 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इस बैठक में टांडा मेडिकल कॉलेज की ओर से संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
मेडिकल कॉलेज के यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग तथा रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी विभागों ने मिलकर 350 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की हैं। वहीं, रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी विभाग अब तक 30 सफल किडनी ट्रांसप्लांट कर चुका है। इनमें दो प्रत्यारोपण रोबोटिक तकनीक के माध्यम से किए गए। इस उपलब्धि से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों, खासकर प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।

अब रोबोटिक हार्ट और हड्डियों की सर्जरी पर नजर
टांडा मेडिकल कॉलेज ने भविष्य की योजनाओं का खाका भी सामने रखा है। संस्थान अब रोबोटिक सर्जरी का दायरा बढ़ाते हुए रोबोटिक ऑर्थोपेडिक और कार्डियक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू करने की तैयारी में है। इसके अलावा पैंक्रियाज ट्रांसप्लांट शुरू करने की योजना भी प्रस्तुत की गई है।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, संस्थान का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए संस्थान ने राज्य सरकार के सहयोग से काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


