हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने नियमित चेकिंग के दौरान एक बस से 58 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पंजाब की 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसडीटी की टीम बलोह फोरलेन लिंक रोड स्थित मल्यावर में नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान जांच के लिए एक बस को रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक 22 वर्षीय युवती के कब्जे से 58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार युवती पंजाब की रहने वाली है। पुलिस ने उसके खिलाफ घुमारवीं थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी गहन जांच कर रही है, ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


