शाहपुर-हरनेरा मार्ग स्थित धौलपुर माता मंदिर (तुंगे वाली माता) में घंटियां चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में रोष है। मंदिर कमेटी के अनुसार, कुछ वर्ष पहले भी मंदिर से नकदी चोरी हो चुकी है। दोबारा चोरी की घटना सामने आने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मंदिर कमेटी के प्रधान मोहित ठाकुर ने बताया कि मंदिर परिसर से घंटियां चोरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के अन्य मंदिरों से भी घंटियां चोरी होने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अगर किसी को चोरी के संबंध में कोई जानकारी मिले या कोई संदिग्ध व्यक्ति मंदिर की घंटियां बेचने अथवा उन्हें गलाने का प्रयास करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत मंदिर कमेटी या पुलिस को दी जाए।
पुजारी प्रीतम सिंह और कमेटी सदस्य बलवंत सिंह, अंकित मनकोटिया, नवजोत राजपूत और रचना देवी ने कहा कि मंदिर की घंटियां श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति से खुद विवाद या मारपीट न करें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें।
मंदिर कमेटी ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी में शामिल आरोपितों का पता लगाने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के अन्य मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


