Kangra: चंबा हादसे के बाद नम हुईं आंखें! गुजरात के सिंधी परिवार के 5 सदस्यों का चामुंडा में हुआ अंतिम संस्कार

चंबा जिले के ककीरा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मंगलवार को गुजरात के एक सिंधी परिवार के 5 सदस्यों का अंतिम संस्कार चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट में किया गया। यह अंतिम संस्कार चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट कमेटी और शनि सेवा सदन कांगड़ा के सहयोग से संपन्न हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले परिवार के शवों को पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

श्मशानघाट कमेटी के संयोजक केवल सोनी, प्रधान रमेश चौधरी और शनि सेवा सदन कांगड़ा के विनोद अग्रवाल ने बताया कि टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पांचों शवों को एंबुलेंस के माध्यम से चामुंडा नंदिकेश्वर श्मशानघाट लाया गया। यहां तीन शवों का अंतिम संस्कार लकड़ी से जबकि दो शवों का अंतिम संस्कार गैस भट्ठी में किया गया। अंतिम संस्कार के लिए पंडित, लकड़ी और गैस भट्ठी सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं श्मशानघाट कमेटी द्वारा उपलब्ध करवाई गईं।

गौरतलब है कि सोमवार को चंबा जिले के ककीरा क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। हादसे में एक कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मृतकों में गुजरात के एक सिंधी परिवार के 5 सदस्य और एक स्थानीय चालक शामिल था। हादसे के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया था।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!